राज्यपाल के वाराणसी दौरे पर ट्रैफिक डायवर्जन: सामनेघाट पुल समेत कई प्रमुख मार्ग बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ें अपडेट
राज्यपाल के वाराणसी दौरे को लेकर 26 फरवरी को सुबह 6 से 11 बजे तक सामनेघाट पुल सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने भोजूबीर, रामनगर, BHU और गोलघर क्षेत्र में विशेष व्यवस्था लागू करते हुए लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन और भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी 26 फरवरी 2026 को सुबह 6:00 बजे से 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगी, जिसके तहत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
सामनेघाट पुल पर मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री
जारी निर्देश के अनुसार, इस अवधि में सामनेघाट पुल पर मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। साथ ही पीएसी तिराहा से रामनगर चौराहा और टेंगरा मोड़ से रामनगर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को पंचवटी और लंका मैदान की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
भोजूबीर, गोलघर और पुलिस लाइन रूट भी प्रभावित
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भोजूबीर तिराहा, जेपी मेहता तिराहा, गोलघर कचहरी और पुलिस लाइन चौराहा से कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। इन वाहनों को अर्दली बाजार, सेंट्रल जेल रोड और एलटी कॉलेज रोड के रास्ते भेजा जाएगा।
BHU और सामनेघाट क्षेत्र में भी रहेगा प्रतिबंध
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) चौराहा से भगवानपुर और ट्रामा सेंटर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इसी तरह सामनेघाट पुल से रामनगर और शास्त्री चौक की ओर भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
लोगों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। अधिकारियों ने कहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
