Movie prime

CM Yogi Varanasi Visit: आज इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ लें रूट प्लान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को वाराणसी दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। सुबह 9:30 से दोपहर दो बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। एयरपोर्ट रूट और चार पहिया वाहनों के लिए भी अलग ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

 
CM Yogi Varanasi Visit
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को वाराणसी आगमन और विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आमजन को परेशानी से बचाने और यातायात सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है। सुबह 9:30 बजे से दोपहर दो बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

मुख्यमंत्री के काशी दौरे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं, सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बाबतपुर एयरपोर्ट रूट पर भी भारी और हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा।

इन प्रमुख मार्गों पर ऑटो-ई-रिक्शा रहेंगे बंद

यातायात पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन-चौकाघाट चौराहा-तेलियाबाग तिराहा-मरीमाई मलदहिया-साजन-सिगरा-रथयात्रा मार्ग पर सुबह 9:30 बजे से दोपहर दो बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इसी तरह महमूरगंज आकाशवाणी-सिगरा, तेलियाबाग-लहुराबीर-मैदागिन-विश्वेश्वरगंज और इंग्लिशिया लाइन-साजन-फूलमंडी-मलदहिया मार्ग पर भी ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।

इसके अलावा अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज, गिलट बाजार, कचहरी चौराहा और पुलिस लाइन चौराहा की ओर भी ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच सिगरा-रथयात्रा होकर चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी इस अवधि में बंद रहेगा।

एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन

बुधवार को सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहा से एयरपोर्ट तिराहा की तरफ भारी और हल्के वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस के मुताबिक इन वाहनों को थाना बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन चालकों को रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

चार पहिया वाहनों के लिए भी बदला रहेगा रूट

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पास से लहुराबीर और मैदागिन चौराहा की ओर चार पहिया वाहनों, टेंपो ट्रैवलर और बसों को नहीं जाने दिया जाएगा।

वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के समय इन वाहनों को लकड़ी मंडी की तरफ डायवर्ट कर गोलगड्डा होकर भेजा जाएगा।

वहीं मैदागिन से गोदौलिया चौराहे के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

एक दिवसीय काशी दौरे पर रहेंगे CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय काशी दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जाएंगे।

रुद्राक्ष में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री करीब साढ़े 12 बजे श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर ढाई बजे बाबतपुर स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में शामिल होंगे। यहां वह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।