वाराणसी ट्रैफिक अपडेट: अतिक्रमण पर जिम्मेदार होंगे SHO, 10 रूट पर तैनात होंगे रूट मार्शल
वाराणसी में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 10 प्रमुख रूट पर रूट मार्शल तैनात कर जाम कम करने और ट्रैफिक सुचारू रखने की योजना लागू की गई है।
वाराणसी: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रॉडवे होटल से रवींद्रपुरी रोड, अस्सी तिराहा, लंका तिराहा, मालवीय चौराहा होते हुए ट्रॉमा सेंटर तक पैदल गश्त कर यातायात संचालन, सड़क अनुशासन और जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए बिना नंबर प्लेट वाहन, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तीन सवारी और अन्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही अवैध ऑटो-रिक्शा स्टैंड हटाने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने और ठेला-खुमचा लगाकर मार्ग बाधित करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष योजना लागू की गई है, जिसके तहत निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को “रूट मार्शल” के रूप में तैनात किया जाएगा।
ये रूट मार्शल संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने, जाम की स्थिति कम करने और पीक आवर्स में यात्रा समय को न्यूनतम करने का काम करेंगे।
इस दौरान गौरव बंसवाल, अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्र और सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
