वाराणसी ट्रैफिक होगा स्मार्ट: CCTV, ड्रोन और मोबाइल पेट्रोलिंग से जाम की होगी लाइव मॉनिटरिगं
वाराणसी में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर CCTV, ड्रोन सर्विलांस और मोबाइल पेट्रोलिंग से नजर रखी जाएगी। अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और गलत दिशा में चलने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
वाराणसी: लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। अब शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर CCTV कैमरे, ड्रोन सर्विलांस और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए 24x7 नजर रखी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति बनते ही तत्काल कार्रवाई हो सके।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग
यातायात नियंत्रण कक्ष के माध्यम से शहर के सभी प्रमुख मार्गों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। जहां भी जाम की स्थिति नजर आएगी, वहां फील्ड स्टाफ को तुरंत भेजकर यातायात सामान्य कराया जाएगा।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने चौकाघाट, विश्वेश्वरगंज, गोलगड्डा, भदऊचुंगी से लेकर नमो घाट तक ट्रैफिक व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अव्यवस्थित दुकानों के कारण यातायात बाधित मिलता पाया गया।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चलेगा अभियान
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि सड़क, फुटपाथ और चौराहों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों, गलत दिशा में चलने वाले और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को सीज करने के निर्देश भी दिए गए।
हर दिन दो बार करेंगे अधिकारी निरीक्षण
सभी रूटों पर तैनात अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम दो बार निरीक्षण करने और कमियों की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम के साथ समन्वय कर बैरिकेडिंग, रोड मार्किंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यातायात अधिक व्यवस्थित हो सके।
जागरूकता अभियान भी चलाएगी पुलिस
पुलिस लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया, पम्फलेट और जनसंपर्क के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाएगी, ताकि लोग नियमों का पालन करें और जाम की समस्या कम हो।
