वाराणसी : BJP कार्यालय में दीनदयाल उपाध्याय को नमन, कार्यकर्ताओं ने विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
Varanasi : भारतीय जनसंघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, चिंतक और संगठनकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुक्रवार, 25 सितंबर को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय चिंतन परंपरा को आधुनिक संदर्भों से जोड़ते हुए ‘एकात्म मानववाद’ का दर्शन प्रस्तुत किया। यह विचार व्यक्ति, समाज, राष्ट्र और प्रकृति के बीच संतुलित एवं समन्वित विकास की अवधारणा पर आधारित है।
‘अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना था अंत्योदय का मूल भाव’
प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऐसे भारत की कल्पना करते थे, जो आर्थिक रूप से स्वावलंबी, सामाजिक रूप से समरस और राष्ट्रीय दृष्टि से सशक्त हो। उनके मुताबिक, दीनदयाल उपाध्याय की सोच के केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति था और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही अंत्योदय के विचार का मूल भाव था।
उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के लेखन और पत्रकारिता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और मानवीय गरिमा के संदर्भ में दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
महानगर के बूथों पर भी दी गई श्रद्धांजलि
भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, महानगर क्षेत्र के सभी बूथों पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय को माल्यार्पण और पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि दी गई।
गुलाब बाग में आयोजित कार्यक्रम में चंद्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विश्वेश्वर, प्रमील पाण्डेय, अशोक कुमार पाण्डेय, अशोक जाटव, अमित खरे, अजय गुप्ता, सुनील यादव, संदीप कुमार चौरसिया, अखिलेंद्र सिंह सन्नी, अवधेश राय, राकेश कुमार जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, कुसुम सिंह पटेल, नेहा कक्कड़, शोभनाथ मौर्या, नीरज जायसवाल, मधुप सिंह, प्रमोद यादव मुन्ना, अनिल उपाध्याय, अवनीश पाण्डेय, योगेश वर्मा, वैभव उपाध्याय, इंदु भूषण गुप्त और विनय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
