Movie prime

वाराणसी: रिंगरोड पर ट्रक ड्राइवर और खलासी को बदमाशों ने सुंघाया नशीला स्प्रे, फिर शीशा काटकर नगदी और मोबाइल लेकर फरार

वाराणसी के मिर्जामुराद में रिंग रोड किनारे खड़े ट्रक में सो रहे चालक और खलासी पर बदमाशों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर शीशा काटते हुए नगदी व मोबाइल चोरी कर लिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
 
मिर्जामुराद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत रखौना गांव स्थित रिंग रोड के पास गुरुवार देर रात बदमाशों ने ट्रक चालक और खलासी को निशाना बनाते हुए सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि अज्ञात चोरों ने ट्रक का शीशा काटकर अंदर नशीला स्प्रे छिड़का और नगदी व मोबाइल लेकर फरार हो गए।

ढाबे पर खाने के बाद ट्रक में सो रहे थे चालक-खलासी

पीड़ित ट्रक चालक भुरिक यादव, निवासी कोटवा मोढ़ थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया, अपने खलासी दुर्गेश यादव के साथ ट्रक लेकर जा रहे थे। दोनों ने रखौना गांव के समीप ढाबे पर भोजन किया और ट्रक के केबिन में शीशा बंद कर सो गए।

कटर से शीशा काटा, चेहरे पर स्प्रे कर दिया बेहोश

रात के दौरान शातिर बदमाशों ने ट्रक की खिड़की का शीशा कटर से काट दिया। आरोप है कि इसके बाद चालक और खलासी के चेहरे पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया गया, जिससे दोनों गहरी नींद में चले गए। बदमाश चालक की जेब से करीब 6 हजार रुपये नकद और एंड्रॉयड मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

सुबह खुली आंख तो उड़ गए होश

शुक्रवार सुबह नींद खुलने पर दोनों ने खिड़की का शीशा कटा देखा और जेब से नगदी व मोबाइल गायब मिला। घटना का पता चलते ही दोनों के होश उड़ गए।

मोबाइल पर कॉल कर बोला- चौकी आकर ले जाओ

पीड़ित ने जब चोरी हुए मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो अज्ञात व्यक्ति ने फोन रिसीव कर खजूरी चौकी पर आकर मोबाइल लेने की बात कही, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे CCTV

पीड़ित ड्राइवर और खलासी ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की तलाश की जा रही है।