वाराणसी में दर्दनाक हादसा: कार से टकराने के बाद पुल से नीचे गिरा ट्रक चालक, मौत
वाराणसी के राजवाड़ी स्थित गोमती नदी पुल पर सोमवार सुबह ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर के बाद बड़ा हादसा हो गया। घबराकर डिवाइडर पार करने की कोशिश में ट्रक चालक पुल से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वाराणसी :चौबेपुर थाना अंतर्गत राजवाड़ी गांव स्थित गोमती नदी पुल पर सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घबराया चालक पुल का डिवाइडर पार करने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह पुल से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ हादसा
घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रणजीत पाल (52) पुत्र स्वर्गीय प्रसिद्ध नारायण पाल निवासी सरौली, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था।
जानकारी के अनुसार रणजीत पाल रविवार रात गोरखपुर से अहरौरा गिट्टी लादने जा रहा था। इसी दौरान राजवाड़ी स्थित गोमती नदी पुल पर उसका ट्रक एक स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गया।
ट्रक की टक्कर से कार के टूटे शीशे
कैथी चौकी प्रभारी पवन राय ने बताया कि ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार दोनों गाजीपुर की ओर से वाराणसी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से ट्रक की टक्कर कार में लग गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कुछ दूर तक घिसटती चली गई और उसके शीशे चकनाचूर हो गए। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घबराकर डिवाइडर पार करने लगा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक रणजीत पाल काफी घबरा गया था। वह ट्रक से उतरकर पुल का डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल से नीचे गिर पड़ा। नीचे गिरने से उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कार सवार बाल-बाल बचे
हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार सवार लोगों को भी तेज झटका लगा। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कार में प्रशांत कुमार सिंह, अंजली सिंह, आशा सिंह और दो बच्चे सवार थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक के रिश्तेदार राजकुमार पाल ने बताया कि रणजीत पाल की पत्नी का नाम लालती देवी है। उनका एक पुत्र था, जिसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि कार सवार सभी लोगों की पहचान कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
