वाराणसी: तुलसी घाट के सामने दो नावों की भीषण टक्कर, एक नाव गंगा में डूबी; 5 यात्री बाल-बाल बचे
वाराणसी I वाराणसी जिले में सोमवार दोपहर तुलसी घाट के सामने गंगा नदी में दो नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक नाव अचानक डूबने लगी। नाव में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह यात्रियों ने नाव को पकड़कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नाव पर सवार यात्रियों में दिलीप, दर्शना और देवयानी (हैदराबाद निवासी) तथा रोहित और दीपाली (पुणे निवासी) शामिल थे। दिलीप ने बताया कि वे तुलसी घाट से नाव बुक कर गंगा स्नान के लिए उस पार जा रहे थे। जैसे ही नाव आगे बढ़ी, तेज रफ्तार से आ रही एक बड़ी नाव ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उनकी नाव डूबने लगी और सभी यात्री पानी में गिर पड़े।
दिलीप के अनुसार, नाव पर किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी और नाव पर लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी नहीं थी। हादसे के दौरान नाविक मौके से फरार हो गया।
घाट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत जल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जल पुलिस ने डूब रहे पांचों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत-बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
