Movie prime

वाराणसी : तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान गोरखपुर से आए दो लोग डूबे, एक की मौत, किशोर की तलाश जारी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर के तुलसी घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर से परिवार के साथ वाराणसी घूमने आए दो युवक गंगा में डूब गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश के लिए राहत-बचाव अभियान अभी भी जारी है।

गंगा स्नान के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक गोरखपुर से करीब 15 लोगों का एक परिवार वाराणसी घूमने और गंगा स्नान के लिए आया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे सभी लोग तुलसी घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय निखिल और 12 वर्षीय आयुष नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे।

लोगों ने किया था सावधान

घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने दोनों को पहले ही चेतावनी दी थी कि आगे पानी काफी गहरा है, वहां न जाएं। इस पर युवकों ने कहा कि उन्हें तैरना आता है और वे आगे बढ़ गए। कुछ ही देर में दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ के जवानों ने 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

दूसरे किशोर की तलाश जारी

वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश के लिए गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हादसे के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लापता बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।