Movie prime

वाराणसी: मिर्जामुराद में तेज रफ्तार बाइक खड़ी बोलेरो से टकराई, दो युवक घायल, ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार

 
Accident
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इलेक्ट्रिक बस डिपो के सामने सर्विस लेन पर हुई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, महमूरगंज निवासी मोहम्मद कैफ अपने साथी रेहान के साथ बाइक से मिर्जामुराद से वाराणसी की ओर जा रहे थे। दोनों हाईवे की बजाय सर्विस लेन से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक तेज रफ्तार में थी।

इलेक्ट्रिक बस डिपो के सामने पहुंचते ही बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मिर्जामुराद पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।