वाराणसी: निर्माणाधीन दीवार गिरी, मजदूर की हालत नाजुक; मालिक-ठेकेदार फरार
वाराणसी: शहर के नरिया क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार गिरने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरिया स्थित एक प्राइमरी स्कूल के पास होटल निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 40 वर्षीय मजदूर राजेश बिन्द दब गए। राजेश मिर्जापुर जिले के निवासी हैं और परिवार के भरण-पोषण के लिए वाराणसी में मजदूरी कर रहे थे।
15 मिनट में मलबे से निकाला गया बाहर
हादसे के तुरंत बाद साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने साहस दिखाते हुए महज 15 मिनट के भीतर मलबा हटाकर राजेश को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। साथियों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि इस निर्माण कार्य में कुल 14 मजदूर मिर्जापुर से लाए गए थे। घटना के बाद निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
मालिक और ठेकेदार मौके से फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जमीन पर निर्माण हो रहा था उसके मालिक का नाम अविनाश सिंह और ठेकेदार का नाम अमित सिंह बताया जा रहा है। हादसे के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद मजदूरों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
