यूनियन बैंक ऐप के नाम पर 17 लाख की साइबर ठगी, वीडियो कॉल से उड़ाया पैसा
वाराणसी में साइबर ठगों ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मोबाइल एप डाउनलोड कराने के बहाने एक खाताधारक से 17 लाख रुपये ठग लिए। कस्टमर केयर बनकर वीडियो कॉल से जानकारी हासिल की गई। भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
वाराणसी: साइबर ठगों ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मोबाइल एप डाउनलोड कराने के बहाने 17 लाख रुपये की ठगी कर ली। भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरदोपुर (महमूरगंज) निवासी विक्रम प्रसाद के खाते से 17 लाख रुपये निकाल ली गई। पीड़ित की तहरीर पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित के अनुसार, 24 जनवरी को वह अपने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते को संचालित करने के लिए बैंक का आधिकारिक मोबाइल एप ‘यूनियन इजी’ डाउनलोड करने का प्रयास कर रहे थे। बार-बार कोशिश के बावजूद एप डाउनलोड नहीं होने पर उन्होंने इंटरनेट पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर खोजा और उस पर मिस्ड कॉल किया।
कुछ देर बाद उसी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को यूनियन बैंक का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया। समस्या बताने पर उसने वीडियो कॉल के माध्यम से बैंक खाते से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद ठगों ने यूनियन बैंक की रथयात्रा शाखा से जुड़े खाते से 26 से 28 जनवरी के बीच कई बार में कुल 17 लाख रुपये निकाल लिए।
खाते से बड़ी रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है और संबंधित मोबाइल नंबर व ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
