Movie prime

वाराणसी: जल जीवन मिशन की शिकायतों का गुणवत्ता के आधार पर हो निस्तारण - केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
 

 
 वाराणसी: जल जीवन मिशन की शिकायतों का गुणवत्ता के आधार पर हो निस्तारण - केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री तथा जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) के सह-अध्यक्ष हरदीप सिंह पुरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत आने वाली शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता और पात्रता के आधार पर शीघ्र किया जाए।

सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने जल जीवन मिशन, आवास, शौचालय निर्माण, मनरेगा, ग्राम विकास परियोजनाओं और एनआरएलएम सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने कहा, “जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर घर तक नल से जल पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी मिलकर काम करें। शिकायतों का समाधान करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र व्यक्तियों को ही लाभ मिले और कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।”

हरदीप सिंह पुरी दोपहर साढ़े 12 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे सर्किट हाउस पहुंचकर बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी योजनाओं का कार्यान्वयन समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में जल जीवन मिशन के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, मनरेगा कार्यों और अन्य ग्रामीण विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूर्ण रूप से निर्वहन करें।