वाराणसी: सारनाथ में जमीनी विवाद को लेकर बवाल, घर पर पथराव और मारपीट का आरोप, 6 पर FIR
वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मानसिंह राजभर पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़ित का दावा है कि दबंगों ने उनके घर पर पथराव और मारपीट की। मामले में पुलिस जांच शुरू हो गई है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित सोना तालाब दानियालपुर इलाके में जमीन विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया। मानसिंह राजभर ने कुछ लोगों पर घर पर हमला करने, पथराव करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर 6 नामजद लोगो ंके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
देर रात घर के बाहर हमला करने का आरोप
पीड़ित मानसिंह राजभर के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोग पहले से वहां मौजूद थे। आरोप है कि भावेश उपाध्याय, राहुल शुक्ला और उनके साथियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मानसिंह का कहना है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर फेंके और मारपीट की।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों की मंशा जानलेवा थी और किसी तरह खुद को बचाते हुए उन्होंने घर के अंदर शरण ली। पीड़ित परिवार का दावा है कि अगर समय रहते वे घर के भीतर नहीं पहुंचते तो बड़ी घटना हो सकती थी।
जमीन विवाद को लेकर बढ़ा मामला
मानसिंह राजभर का कहना है कि विवाद उनके घर के पास स्थित एक जमीन को लेकर चल रहा है। आरोप है कि संबंधित जमीन का पहले सौदा कराया गया था, लेकिन जमीन मालिक की मृत्यु के बाद दोबारा उस जमीन को अपने नाम कराने का दबाव बनाया जा रहा था। पीड़ित के मुताबिक, इस मामले में पहले भी पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन विवाद खत्म होने के बजाय तनाव और बढ़ गया।
पुलिस को दी तहरीर, जांच शुरू
घटना के बाद मानसिंह राजभर ने सारनाथ थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समर्थक बोले- यह सुनियोजित हमला
मानसिंह राजभर के समर्थक ईशान अंसारी ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए घटना की निंदा की। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया था।
ईशान अंसारी ने आरोप लगाया कि यह घटना पिछड़े और दलित समाज की आवाज दबाने की कोशिश है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले में एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद जमीन की रजिस्ट्री को लेकर है। मारपटी के वीडियो भी सामने आए हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। वहीं स्थानीय लोग भी मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
