Movie prime

वाराणसी में 29 अक्टूबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 8 डिग्री तक गिरेगा तापमान

वाराणसी में 29 अक्टूबर को तेज हवा और आंधी के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 28 अक्टूबर को येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विज्ञानी के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के बीच तापमान छह से आठ डिग्री तक गिर सकता है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को तेज हवा और आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 28 अक्टूबर को येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विज्ञानी के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

29 अक्टूबर को तेज हवा और भारी बारिश के आसार

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक, वाराणसी में 29 अक्टूबर को तेज हवा या आंधी के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। इससे पहले 28 अक्टूबर को मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान प्रभावित इलाकों में अधिकतम तापमान औसतन छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

चक्रवाती तूफान के कारण बदलेगा मौसम

मौसम में बदलाव की वजह आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के पास बन रही चक्रवाती स्थिति बताई गई है। मौसम विज्ञानी के अनुसार, चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और यानम के तट से गुजरेगा। इस दौरान हवा के झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

इस मौसमी गतिविधि के कारण काशी और पूर्वांचल समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश की संभावना बन रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के बीच इसका असर देखने को मिल सकता है।

रविवार को चुभती धूप, 33.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

बारिश के पूर्वानुमान के बीच रविवार को वाराणसी में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। इस दौरान हवा 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली और हवा में नमी का स्तर 80 प्रतिशत तक रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है। ऐसे में काशी में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।