वाराणसी में बारात के लिए नए नियम लागू, सड़क का एक-तिहाई हिस्सा ही घेर सकेंगे, रात 10 बजे बाद DJ बंद
वाराणसी: शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान बारात से लगने वाले जाम और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार रात बैठक कर बारात, डीजे और मैरिज लॉन संचालकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए। अब बारात निकालते समय रस्सों का इस्तेमाल अनिवार्य होगा और सड़क का एक-तिहाई से अधिक हिस्सा घेरने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सड़क का एक-तिहाई हिस्सा ही घेर सकेंगे बाराती
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि बारात निकालते समय रस्सों का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए। बारात के दौरान सड़क के एक-तिहाई से अधिक हिस्से को किसी भी स्थिति में नहीं घेरा जाएगा, ताकि अन्य वाहनों का आवागमन बाधित न हो और यातायात सुचारु बना रहे।
बारात घर और मैरिज लॉन संचालकों को बारात निकालने से पहले स्थानीय थाने को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी। बिना सूचना बारात निकालने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रात 10 बजे के बाद DJ और लाउडस्पीकर प्रतिबंधित
शादी समारोहों में डीजे पर अश्लील, आपत्तिजनक या मर्यादा के विपरीत गाने बजाने पर रोक रहेगी। ध्वनि का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखना होगा। नियमों का उल्लंघन होने पर डीजे सीज करने के साथ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी संचालकों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मैरिज लॉन में पार्किंग, CCTV और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
सभी मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करनी होगी। आयोजनों में आने वाले वाहनों को मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर खड़ा नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही मैरिज लॉन में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करना भी अनिवार्य होगा।
रात 11 बजे से प्रमुख चौराहों पर तैनात होंगे यातायात पुलिसकर्मी
पुलिस आयुक्त ने सभी डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों के बारात घर, मैरिज लॉन और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्देशों की जानकारी देने और उनका पालन कराने को कहा है।
शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर रात 11 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से जरूरत के अनुसार डायवर्जन और यातायात प्रबंधन करेंगी, ताकि शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बनने पाए।
