शादी-ब्याह सीजन में वाराणसी को जाम और शोर से मिलेगी राहत, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल का सख्त एक्शन प्लान लागू
वाराणसी। शादी-ब्याह के सीजन में शहर की सड़कों पर लगने वाले भीषण जाम और कानफोड़ू शोर से आम जनता को राहत दिलाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त कदम उठाए हैं। यातायात लाइन सभागार में मैरिज लॉन, बैंड-बाजा और डीजे संचालकों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण गोष्ठी में कमिश्नर ने स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए, जिससे शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनता की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मैरिज लॉन संचालकों को चेतावनी दी कि यदि पार्किंग एरिया का किसी अन्य काम के लिए उपयोग किया गया, तो लाइसेंस तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा।
बारात के दौरान सड़क पर 'लक्ष्मण रेखा' की तरह रस्सी का प्रयोग अनिवार्य होगा। बारात केवल सड़क के एक-तिहाई हिस्से में ही चलेगी, जबकि दो-तिहाई हिस्सा आम जनता के आवागमन के लिए पूरी तरह खाली रखा जाएगा। इससे यातायात सुचारू रहेगा और जाम की समस्या पर अंकुश लगेगा।
ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए डीजे और संगीत संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि रात 10 बजे के बाद संगीत पूरी तरह बंद होना चाहिए। यदि कोई दबाव बनाए या नियम तोड़े, तो डायल-112 पर शिकायत करने की अपील की गई है। 80 डेसीबल से अधिक शोर करने या सड़क पर पटाखे फोड़ने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
