Movie prime

वाराणसी: प्रेमी से शादी नहीं हुई तो टावर पर चढ़ गई युवती, तीन घंटे तक चला ड्रामा

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक पुलिस, परिजन और ग्रामीण उसे मनाते रहे। आखिरकार पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

रामलीला मैदान स्थित टावर पर चढ़ी युवती

जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर गांव निवासी युवती शनिवार शाम करीब सात बजे रामलीला मैदान स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैदान में खेल रहे बच्चों ने उसे टावर की ओर जाते देखा और रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह सीधे टावर की ओर बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि टावर परिसर चारदीवारी से घिरा हुआ था और उसका गेट बंद था। इसके बावजूद युवती दीवार पर चढ़कर अंदर पहुंच गई और मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बाद में उसकी चप्पल बाउंड्रीवाल पर मिली, जिससे लोगों को उसके अंदर जाने की जानकारी हुई।

प्रेमी से शादी की मांग को लेकर उठाया कदम

ग्रामीणों के अनुसार युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध होने का दावा कर रही थी। वह उसी युवक से विवाह की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस ने युवती के परिजनों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती की लगातार यही मांग थी कि उसके प्रेमी से शादी कराई जाए।

प्रेमी को भी बुलाया गया मौके पर

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संबंधित युवक को भी मौके पर बुलाया। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार युवक शादी के लिए तैयार नहीं था। इसके बावजूद पुलिस और परिजनों ने लगातार बातचीत कर युवती को समझाने का प्रयास जारी रखा।

करीब तीन घंटे तक चले समझाइश और प्रयास के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हुई। इसके बाद पुलिस उसे और युवक को अपने साथ थाने ले गई।

सुबह भी आत्मघाती कदम उठाने की चर्चा

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार सुबह भी युवती कथित तौर पर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई थी। वहां मौजूद लोगों ने समय रहते उसे रोक लिया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्राथमिकता युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की थी, जिसमें सफलता मिली। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।