Movie prime

वाराणसी: प्रेमी से शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
 

 
 वाराणसी: प्रेमी से शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती का आरोप है कि परिवार वाले जाति अलग होने का हवाला देकर शादी के लिए तैयार नहीं हैं। टॉवर पर चढ़कर युवती ने प्रेमी से शादी कराने की मांग शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के परिजनों के साथ बातचीत शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक गांव निवासी सनी विश्वकर्मा का युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब दस दिन पहले सनी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था। इसी दौरान परिजनों के पहुंचने पर वह भागने की कोशिश में छत से कूद गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद दोनों की मुलाकात नहीं हो पा रही थी।

मंगलवार सुबह युवती अचानक प्रेमी के गांव पहुंची और मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार वाले जाति अलग होने के कारण विरोध कर रहे हैं।

टॉवर पर युवती को चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक समझाकर युवती को नीचे उतरने के लिए मनाया। शादी कराने का भरोसा मिलने के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।

इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची, जहां घंटों तक बातचीत चलती रही। युवती के पिता ने सामाजिक और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए जल्दबाजी में फैसला लेने पर आपत्ति जताई। वहीं मामला अलग-अलग जातियों से जुड़ा होने के कारण और भी उलझ गया है।

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।