वाराणसी: प्रेम संबंध का दुखद अंत: परिजनों के विरोध के बाद युवती ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान
वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवती ने तीन मंजिला मकान से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नगवा पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम और फिंगर प्रिंट यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ नगवा पार्क की ओर घूमकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके परिवार के सदस्य मिल गए। परिजनों ने युवती को युवक के साथ देखकर उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर युवती हाथ छुड़ाकर तेजी से घर की ओर भागी और कुछ दूरी पर स्थित एक तीन मंजिला मकान पर चढ़ गई। इसके बाद उसने नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पिता स्थानीय बाजार में एक दुकान पर काम करते हैं। दो भाइयों और एक बहन में वह सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती का पिछले एक वर्ष से क्षेत्र के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक दूसरे समुदाय का होने के कारण परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था।
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के परिवार की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों, पारिवारिक स्वीकार्यता और युवाओं पर पड़ने वाले मानसिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लेकर आई है।
