Movie prime

वाराणसी: पीडीडीयू अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत, परिजनों ने लगाया स्टाफ-डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: पांडेयपुर क्षेत्र की निवासी मिताली चौहान ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (पीडीडीयू) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की कथित लापरवाही को बहन की मौत का कारण बताया गया है।

घबराने की जरूरत नहीं” कहकर किया गया था भर्ती

परिजनों के अनुसार, मिताली चौहान की बहन गुड़िया चौहान की तबीयत 1 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे अचानक खराब हो गई थी। परिवार उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद आश्वस्त किया कि स्थिति गंभीर नहीं है और एक-दो दिन में स्वास्थ्य में सुधार हो जाएगा। इसी भरोसे के साथ मरीज को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।

रात 3 बजे बिगड़ी हालत, ड्यूटी पर नहीं मिला कोई डॉक्टर

शिकायत पत्र के मुताबिक, 2 मार्च की सुबह लगभग 3 बजे गुड़िया की हालत अचानक बिगड़ गई। मिताली ने तुरंत डॉक्टर को बुलाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उस समय न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही कोई नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी पर दिखाई दिया। परिजन अस्पताल परिसर में मदद के लिए इधर-उधर दौड़ते रहे, लेकिन कथित रूप से कोई भी चिकित्सकीय सहायता समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी।

चार घंटे बाद पहुंचे डॉक्टर, घोषित कर दिया मृत

परिजनों का कहना है कि लगभग चार घंटे बीतने के बाद डॉक्टर और स्टाफ वार्ड में पहुंचे और जांच के बाद गुड़िया चौहान को मृत घोषित कर दिया।


सीसीटीवी जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

मिताली चौहान ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए पत्र में मांग की है कि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ निलंबन सहित सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।