वाराणसी : महिला ने तीन साल की बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति के मुंबई में नौकरी करने से थी नाराज
वाराणसी। जिले के जंसा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना चौखंडी रेलवे लाइन के पास लच्छीपुर गांव की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक 22 वर्षीय अनीता देवी अपनी तीन साल की बेटी दर्शना के साथ घर से दवा लेने के बहाने निकली थी। उस समय उसका पति अजीत कुमार भी साथ में था। बताया जा रहा है कि बाजार की ओर जाते समय महिला ने अचानक पति का साथ छोड़ दिया और बेटी को गोद में लेकर रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ने लगी।
स्थानीय लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक सामने से आ रही सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से मां-बेटी टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के शरीर के कई टुकड़े हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह ट्रेन वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही थी।
पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद
मृतका के पति अजीत कुमार मुंबई में नौकरी करते हैं और घर पर कम ही आते थे। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल अजीत इन दिनों घर पर ही था और सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद अनीता अपनी बेटी को लेकर घर से निकल गई।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मायका पक्ष ने लगाया दामाद पर आरोप
मृतका के मायके वालों ने अजीत कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दामाद अक्सर उनकी बेटी से झगड़ा करता था। इसी कारण अनीता पिछले करीब तीन साल से मायके में ही रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को अजीत घर आया और किसी बहाने से अनीता को अपने साथ ले गया, जिसके बाद यह घटना हो गई।
पति ने बताया हादसा
वहीं पति अजीत कुमार का कहना है कि पत्नी की तबीयत खराब थी और वह उसे दवा दिलाने के लिए भवानीपुर ले जा रहा था। इसी दौरान चौखंडी रेलवे लाइन के पास पत्नी ने सहेली से मिलने की बात कहकर रेलवे ट्रैक पार करना शुरू कर दिया। तभी सामने से ट्रेन आती देख वह उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन ट्रेन मां-बेटी के ऊपर से गुजर गई और दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
