वाराणसी: अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, गर्भवती होने पर... , युवती ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार
वाराणसी। जिले में महिला उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, अप्राकृतिक संबंध बनाने और गर्भवती होने पर कथित तौर पर जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता अपने अधिवक्ता आलोक पाठक के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और मामले में निष्पक्ष जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा।
रिश्तेदारी के जरिए बढ़ी नजदीकी, फिर शोषण का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, उसके भाई का विवाह आरोपी रामबाबू पटेल के परिवार में हुआ है। इसी पारिवारिक रिश्तेदारी के चलते रामबाबू का उसके घर आना-जाना था। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिया।
युवती का आरोप है कि जून 2024 में आरोपी की दादी के निधन के बाद आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल होने गई थी। आरोप के मुताबिक, इसी दौरान रात में रामबाबू ने उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए और उसका वीडियो भी बना लिया।
अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप
प्रार्थना पत्र में युवती ने आरोप लगाया है कि वीडियो को आधार बनाकर आरोपी उसे शिवपुर ओवरब्रिज स्थित गुप्ता गेस्ट हाउस में बुलाता था और लगातार करीब दो वर्षों तक उसका शोषण करता रहा। पीड़िता ने विरोध करने पर मारपीट और अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है।
गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का दावा
पीड़िता के अनुसार, शारीरिक संबंधों के दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि रामबाबू मेडिकल स्टोर से गर्भपात की दवा लेकर आया और उसे कथित तौर पर जबरन खिला दी। इसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसका गर्भपात हो गया।
युवती का कहना है कि घटना के बाद उसने दोबारा शादी की बात उठाई, लेकिन आरोपी ने रिश्तेदारी का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया।
शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंची तो मारपीट का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को वह अपने पिता के साथ रामबाबू के घर शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंची थी। आरोप है कि वहां रामबाबू, उसकी मां, बहन और चाचा ने उसके और उसके पिता के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की।
थाने से कार्रवाई न होने का आरोप, पुलिस कमिश्नर से शिकायत
युवती के मुताबिक, उसने 30 जुलाई 2026 को थाना सिंधोरा में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आरोप है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपने अधिवक्ता के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
