वाराणसी: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी I वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद बुधवार को मुख्य आरोपी सदानंद को बेनीपुर नहर के पास से पकड़ा गया।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रोहनिया थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी सदानंद का उसके पड़ोसी रिश्तेदारों के यहां नियमित आना-जाना था। इसी दौरान सदानंद ने शादी का लालच देकर युवती के साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। जब इस संबंध की जानकारी पीड़िता के परिजनों को हुई, तो उन्होंने सदानंद के परिवार से बात की और शादी की तारीख भी तय कर दी गई थी।
हालांकि, कुछ समय बाद सदानंद के पिता त्रिभुवन प्रसाद, मामा मनोज कुमार, चंदन कुमार, राजेश कुमार, राकेश कुमार और विनोद कुमार ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष मिर्जामुराद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी सदानंद सहित कुल सात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को सदानंद को बेनीपुर नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
