Movie prime

वाराणसी: महिला आयोग अध्यक्ष ने सुनी महिलाओं की फरियाद, अफसरों से बोली- छोटे मामलों का स्थानीय स्तर पर करें समाधान

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान और आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने मंगलवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय दिलाना रहा।

..

जनसुनवाई के दौरान कुल 44 मामलों को आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनमें से एक मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें घरेलू हिंसा और भूमि विवाद से जुड़ी थीं।

अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिलाओं की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे-छोटे मामलों की निष्पक्ष जांच कर स्थानीय स्तर पर ही उनका निस्तारण करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

...

उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और नियमसम्मत निस्तारण किया जाए तथा महिला उत्पीड़न से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई में अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।