Movie prime

Varanasi: गंगा में बजड़े पर बीयर पार्टी करने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो से खुला मामला

 
Varanasi: गंगा में बजड़े पर बीयर पार्टी करने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो से खुला मामला
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। गंगा नदी में बजड़े पर सवार होकर बीयर पीते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार सुबह अस्सी घाट क्षेत्र से युवक को हिरासत में लिया।

डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी की पहचान अर्जुन राजभर (25) निवासी नगवां, जो नाव डेकोरेटर का काम करता है, के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ अस्सी घाट से मिर्जापुर की ओर गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह शाम को निकला था और रात में अदलहाट पहुंच गया था।

नाविकों की शिकायत पर दर्ज हो रही FIR

माता शीतला के दर्शन के लिए जा रहे नाविकों की नाव पर बीयर पीने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मांझी समाज के लोग हर वर्ष शीतला घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर तक गंगा मार्ग से पूजा के लिए जाते हैं। इस दौरान नावों पर डीजे बजाते हुए यात्रा की जाती है। रविवार शाम करीब 5:30 बजे नाविकों का जत्था शीतला घाट से रवाना हुआ था और सोमवार देर शाम तक वाराणसी लौटना था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए तीन वीडियो में से दो दिन के बताए जा रहे हैं, जिनमें डीजे बजता दिख रहा है, जबकि एक वीडियो शाम का है, जिसमें एक युवक बीयर पीते नजर आ रहा है। वीडियो मिर्जापुर सीमा क्षेत्र का होने के कारण स्थानीय पुलिस को पहचान में दिक्कत हुई, लेकिन बाद में अन्य नाविकों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।