Varanasi: ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था युवक, ट्रेन की चपेट में आने से मौत
वाराणसी। जिले के लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के सामने बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बखरिया गांव निवासी सुरेंद्र पाल का पुत्र अमन पाल (21) बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था। बताया जा रहा है कि उसने दोनों कानों में ईयरफोन लगा रखा था। इसी दौरान नई दिल्ली से वाराणसी आ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भदोही से बनारस की ओर बढ़ रही थी। ट्रेन के आने की आवाज अमन को सुनाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गया।
ग्राम प्रधान बखरिया सुरेश पाल ने बताया कि हादसा बेहद दर्दनाक था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक अमन पाल दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। बेटे की असमय मौत से मां उर्मिला पाल सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
