री-इवैल्यूएशन में बदले नंबरों ने पलटा रिजल्ट, वाराणसी की अदिति सिंह बनीं स्टेट टॉपर
CBSE की ओर से पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसके बाद वाराणसी के कई छात्रों के अंकों में बदलाव देखने को मिला है। इस बदलाव के बाद संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर की छात्रा अदिति सिंह ने स्टेट टॉपर का दर्जा हासिल कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अदिति सिंह ने पहले 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उन्हें अंग्रेजी, भूगोल और योग में 100 में से 100 अंक मिले थे, जबकि राजनीति विज्ञान में 99 अंक आए थे। इसके अलावा लीगल स्टडीज और इतिहास में उन्हें 100 में से 98 अंक प्राप्त हुए थे।
री-इवैल्यूएशन के बाद लीगल स्टडीज में उनके 1 अंक बढ़ गए, जिससे उनका कुल प्रतिशत 99.6 प्रतिशत हो गया। इसी बढ़ोतरी के बाद वह अब राज्य स्तर पर टॉपर बन गई हैं।
इसी प्रक्रिया में वाराणसी की छात्रा आर्या के एक विषय में 4 अंकों की बढ़ोतरी हुई है, जबकि तनुप्रिया सिंह के संगीत विषय में 1 अंक बढ़ने के बाद उनके 100 में से 100 अंक हो गए हैं।
CBSE रीजन की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि प्रयागराज रीजन में कुल 15,570 छात्रों ने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत छात्रों को इसका लाभ मिला। वाराणसी में भी कई छात्रों के अंकों में सुधार दर्ज किया गया है।
