Movie prime

तीन गुना बढ़ेगी वाराणसी की GDP : मंत्री सुरेश खन्ना का निर्देश- प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने पर करें फोकस

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को लेकर वाराणसी में बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्किट हाउस सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने की। बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और आर्थिक योगदान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

...

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जीडीपी को लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए वर्तमान आंकड़ों को लगभग तीन गुना तक बढ़ाना होगा। इसके लिए तय समय सीमा के भीतर ठोस और बिंदुवार कार्ययोजना बनाकर काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लगातार मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

वाराणसी की अर्थव्यवस्था पर फोकस

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि वाराणसी की मौजूदा जीडीपी लगभग 56,900 करोड़ रुपये है, जिसे बढ़ाकर तय लक्ष्य 1.59 लाख करोड़ रुपये तक ले जाना है। जिले का राज्य की जीडीपी में योगदान फिलहाल 1.88 प्रतिशत है, जबकि वार्षिक विकास दर 10.4 प्रतिशत दर्ज की गई है।

...

उन्होंने बताया कि जिले में सेवा क्षेत्र (तृतीयक सेक्टर) का योगदान सबसे ज्यादा है, जो 66.90 प्रतिशत है। इसे और मजबूत करने के लिए पर्यटन, होटल इंडस्ट्री और मेडिकल टूरिज्म पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पर्यटन और होटल इंडस्ट्री में उछाल

वाराणसी में पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार पर्यटकों की संख्या में 42 प्रतिशत और होटल उद्योग में 66 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्तमान में शहर में 1400 से अधिक होटल संचालित हैं। सरकार की पर्यटन नीति के तहत 4017 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ योजना को बढ़ावा देकर सस्ते आवास की सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया गया।

..

कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए बीज, सिंचाई और आधुनिक तकनीकों पर फोकस करने के निर्देश दिए। साथ ही पशुधन सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान योजना को बढ़ावा देने और दुग्ध कलेक्शन सेंटर की संख्या बढ़ाने की बात कही।

मत्स्य पालन, वानिकी और कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों को भी आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को पुरस्कृत करने की योजना पर भी जोर दिया गया।

उद्योग और रोजगार पर प्राथमिकता

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, स्वरोजगार योजना और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रोजगार सृजन है और इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।

सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर निर्देश

प्रभारी मंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से दिन में दो बार सफाई सुनिश्चित करें और लापरवाही मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

 एयरपोर्ट और स्टेडियम का निरीक्षण

बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहे विस्तार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नए टर्मिनल भवन और रनवे विस्तार की प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गंजारी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया।