वाराणसी का गौरव बढ़ा: संजय खन्ना बने BPCL के नए चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर
वाराणसी। वाराणसी के लिए गर्व का क्षण है कि शहर के प्रतिभाशाली व्यक्तित्व संजय खन्ना को भारत की अग्रणी महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (Chairman & Managing Director) नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
संजय खन्ना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वाराणसी के बेसेंट थियोसोफिकल स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से आगे की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा मुंबई विश्वविद्यालय से फाइनेंस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।
साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर देश के प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम में शीर्ष पद हासिल किया है, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
भारत पेट्रोलियम में तीन दशकों से अधिक के अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया। उनकी दूरदर्शी सोच और प्रभावी प्रबंधन क्षमता ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
उनकी नियुक्ति से न केवल BPCL बल्कि पूरे वाराणसी में खुशी और गर्व का माहौल है। ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और देश के ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
