नवंबर तक दौड़ेगा वाराणसी का रोपवे! मंडलायुक्त ने लिया जायजा, काम में तेजी के दिए निर्देश
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए निर्माणाधीन रोपवे परियोजना के काम में तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गोदौलिया, गिरजाघर और रथयात्रा समेत विभिन्न रोपवे स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था, आर्ट वर्क और फिनिशिंग समेत अन्य जरूरी कामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गोदौलिया, गिरजाघर सहित सभी स्टेशनों पर बचे हुए काम को जल्द पूरा किया जाए। गोदौलिया स्टेशन पर यात्रियों के बोर्डिंग और डिबोर्डिंग से जुड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं, जबकि गिरजाघर स्टेशन पर कंट्रोल रूम तैयार करने का काम प्रगति पर है। रथयात्रा स्टेशन पहुंचकर भी उन्होंने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि रोपवे परियोजना वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ शहर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी रोपवे परियोजना के तहत कैंट स्टेशन से रथयात्रा तक का काम पूरा हो चुका है। इसके आगे के स्टेशनों पर अलाइनमेंट चेक का काम चल रहा है। परियोजना को नवंबर तक पूरा करने के लक्ष्य के साथ अंतिम तैयारियों को तेज किया जा रहा है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की समीक्षा करने और सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वाराणसी रोपवे की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा सहित रोपवे परियोजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
