Movie prime

11 महीने में VDA की रिकॉर्ड 500 करोड़ की कमाई, 350 एकड़ में बसेगी नई टाउनशिप

 
 11 महीने में VDA की रिकॉर्ड 500 करोड़ की कमाई, 350 एकड़ में बसेगी नई टाउनशिप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच महज 11 महीनों में 500 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया है। प्राधिकरण के मुताबिक, यह उसके इतिहास में अब तक की सर्वाधिक आय है। इससे पहले VDA की सालाना औसत आय करीब 120 करोड़ रुपये रहती थी। यानी 11 महीने में ही आय चार गुना से अधिक हो गई है।

प्राधिकरण की आय बढ़ाने में भवन मानचित्रों की स्वीकृति, पुराने भवनों के नियमितीकरण और लंबे समय से खाली या कब्जे वाली जमीनों के निस्तारण की अहम भूमिका रही। अर्जित आय में से करीब 200 करोड़ रुपये शहर की सड़कों, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर खर्च किए जाने की योजना है।

वाराणसी विकास प्राधिकरण का क्षेत्र करीब 1000 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इसमें वाराणसी के साथ चंदौली और मीरजापुर के 800 से अधिक गांव शामिल हैं।

1952 भवनों के नक्शे स्वीकृत, 250% बढ़ी संख्या

पिछले 11 महीनों में VDA ने कुल 1952 भवनों के नक्शों को स्वीकृति दी है। इनमें 879 नए भवनों के नक्शे शामिल हैं, जबकि 1073 पुराने भवनों को शुल्क लेकर नियमित किया गया।

प्राधिकरण के अनुसार, भवन मानचित्र स्वीकृति के मामलों में करीब 250 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा लंबे समय से खाली पड़ी या कब्जे में रही जमीनों के निस्तारण से भी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

39 होटल योजनाओं से बढ़ेंगे करीब 1900 कमरे

वाराणसी में पर्यटन और कारोबारी गतिविधियों के बढ़ने के साथ होटल सेक्टर में भी तेजी देखने को मिल रही है। इस अवधि में 39 होटल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें नए होटल निर्माण के साथ पुराने होटलों के विस्तार की योजनाएं भी शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में करीब 1900 नए होटल कमरे जुड़ने की उम्मीद है। स्वीकृत योजनाओं में हॉलिडे इन, ताज गेटवे, पुलमैन, आईटीसी वेलकम, नोवोटेल, जिंजर, सेंटरम होटल, होटल मोमेंटस, सरोवर पोर्टिको और लेमन ट्री जैसे प्रमुख होटल समूहों की परियोजनाएं शामिल हैं।

22 आवासीय योजनाओं में बनेंगे 2283 मकान

शहर में बढ़ती आवासीय जरूरतों को देखते हुए VDA ने 22 सामूहिक आवासीय योजनाओं को भी मंजूरी दी है। इन योजनाओं के तहत कुल 2283 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।

इनमें शालीमार स्काईलाइन, वाटिका डेवलपर्स, एनआईपी हाउसिंग, देवभूमि इन्फ्रा, रुद्रा समूह, फ्लोरिट कंस्ट्रक्शन, जीडीएसी बिल्डकॉन, त्रिदेव पैराडाइज, स्वास्तिक समूह और गणपति समूह की परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा प्राधिकरण ने 93 भू-विन्यास योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की है।

350 एकड़ जमीन पर विकसित होगी नई टाउनशिप

वाराणसी के योजनाबद्ध विस्तार के लिए विकास प्राधिकरण अब तक करीब 350 एकड़ जमीन खरीद चुका है। इस जमीन की कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपये बताई गई है। यहां नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है।

प्रस्तावित टाउनशिप में केवल आवासीय भवन ही नहीं, बल्कि बाजार, स्कूल, अस्पताल और मनोरंजन समेत अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। प्राधिकरण का मानना है कि इससे शहर के अनियोजित विस्तार पर नियंत्रण लगेगा और नए क्षेत्रों को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सकेगा।

वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि प्राधिकरण को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर अधिक धन खर्च किया जाएगा। उन्होंने बिना स्वीकृत नक्शे के बने भवनों के मालिकों से नियमानुसार भवनों का नियमितीकरण कराने की अपील भी की।