Movie prime

चोलापुर में भाजपा नेता की जमीन पर वीडीए की कार्रवाई, वीडियो वायरल कर लगाया मनमानी का आरोप
 

 
 चोलापुर में भाजपा नेता की जमीन पर वीडीए की कार्रवाई, वीडियो वायरल कर लगाया मनमानी का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में भाजपा नेता अरुण कुमार पाठक की जमीन पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता वीडीए अधिकारियों पर मनमाने तरीके से बुलडोजर चलाने का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वीडीए की टीम चोलापुर इलाके में पहुंची और जमीन पर कार्रवाई शुरू कर दी। इसी दौरान भाजपा नेता अरुण कुमार पाठक ने मौके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वह कह रहे हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम से यह जमीन खरीदी है और यह पूरी तरह निजी संपत्ति है। इसके बावजूद वीडीए के अधिकारी बिना उचित कारण के बाउंड्रीवाल तोड़ रहे हैं।

वीडियो में अरुण पाठक कहते सुनाई दे रहे हैं, “यह पर्सनल जमीन है। यहां कुछ भी अवैध निर्माण नहीं है, फिर भी वीडीए के लोग जेसीबी लेकर कार्रवाई कर रहे हैं। इन अधिकारियों से आर्थिक दंड लिया जाना चाहिए। ये लोग मनमानी कर रहे हैं। प्रशासन मौके पर आए।”

उन्होंने यह भी कहा कि “आज इन लोगों को यहीं रोका जाएगा और यहां से जाने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन इस मामले का संज्ञान ले।”

भाजपा नेता अरुण पाठक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर साझा करते हुए वीडीए पर विपक्षी मानसिकता से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा खरीदी गई जमीनों और निजी बाउंड्रीवालों को गिराकर वर्ष 2027 के चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल मौके पर वीडीए की टीम मौजूद है और कार्रवाई जारी है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि वीडीए की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।