विश्व पर्यावरण दिवस पर VDA का पौधारोपण अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा प्राधिकरण परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम "Climate Action (जलवायु कार्रवाई)" रखी गई है। इसी के अनुरूप कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, वित्त नियंत्रक आत्मा प्रकाश वाजपेयी, नगर नियोजक प्रभात कुमार, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता शिवाजी मिश्रा एवं अनिरुद्ध पाण्डेय समेत प्राधिकरण के अनेक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। पौधारोपण न केवल हरित आवरण बढ़ाने में सहायक है, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने कहा कि वह अपनी विकासात्मक योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास के सिद्धांतों को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है।
