गंगा सप्तमी पर काशी में गूंजे वैदिक मंत्र, ललिता घाट पर माँ गंगा का भव्य अभिषेक
वाराणसी: पावन गंगा सप्तमी के अवसर पर गुरुवार प्रातःकाल ललिता घाट स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर न्यास के अर्चकगण, विद्वान शास्त्री और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आचार्यों के निर्देशन में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद शास्त्रोक्त परंपराओं के अनुसार माँ गंगा का अभिषेक संपन्न हुआ। अनुष्ठान के दौरान गंगाजल, दुग्ध, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्रियों से श्रद्धापूर्वक आराधना की गई। वैदिक मंत्रों की गूंज और आस्था के वातावरण ने श्रद्धालुओं को गहरी आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
अभिषेक के उपरांत मंदिर परिसर में विराजमान माँ गंगा के विग्रह की विधिपूर्वक पूजा और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने माँ गंगा और भगवान विश्वनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर न्यास द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों का उद्देश्य काशी की प्राचीन सनातन परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर स्वयं को धन्य माना। गंगा सप्तमी का पर्व आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक भी है। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने माँ गंगा और भगवान विश्वनाथ से देश और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।
