Movie prime

Vindhyachal Dham: अब भक्तों को मिलेगा प्रसाद के साथ अचार-मसाला, महिलाओं के हाथों का स्वाद बनेगा पहचान
 

 
Vindhyachal Dham: अब भक्तों को मिलेगा प्रसाद के साथ अचार-मसाला, महिलाओं के हाथों का स्वाद बनेगा पहचान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन करने आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए अब विशेष “विंध्य प्रसादम” और “विंध्य गिफ्ट बॉक्स” उपलब्ध कराया जाएगा। इन उत्पादों की बिक्री से जहां श्रद्धालुओं को शुद्ध और सात्विक प्रसाद मिलेगा, वहीं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

रविवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इन बॉक्सों का शुभारंभ किया। यह पहल 12 ब्लॉकों के 40 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही है। मंदिर परिसर में इन उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्थान भी निर्धारित किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से भी खरीदारी कर सकेंगे।

विंध्य प्रसादम बॉक्स में क्या मिलेगा?

“विंध्य प्रसादम बॉक्स” में मंदिर की सुंदर प्रतिकृति, अगरबत्ती, धूपबत्ती, बांस से बने उत्पाद, इलायची दाना, दोना-पत्ता, चुनरी, रुद्राक्ष माला, कदंब के बीज और आसनी शामिल हैं। इसके अलावा शिवपुर का प्रसिद्ध पेड़ा, शुद्ध घी और गुड़ से तैयार विशेष नैवेद्य भी बॉक्स में रखा गया है। इस बॉक्स की कीमत 2000 रुपये निर्धारित की गई है।

विंध्य गिफ्ट बॉक्स की खासियत

“विंध्य गिफ्ट बॉक्स” में 500 एमएल शुद्ध तेल के साथ सूरन, कटहल और मिर्च का अचार शामिल है। इसके अलावा बेसन, सत्तू और दाल 250-250 ग्राम के पैकेट में उपलब्ध हैं।

बॉक्स में मोरिंगा पाउडर, आमचूर, करी पत्ता पाउडर और पापड़ 100-100 ग्राम के पैक में दिए गए हैं। वहीं मिर्च पाउडर, गरम मसाला, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और खड़ा गरम मसाला 50-50 ग्राम के पैकेट में शामिल हैं। इसके साथ ही हैंडवॉश, हार्पिक और डिशवॉश भी उपलब्ध कराया गया है।

डिलीवरी चार्ज सहित “विंध्य गिफ्ट बॉक्स” की कीमत 1282 रुपये तय की गई है।