Movie prime

लाट भैरव मेले का वायरल फोटो निकली ‘AI’ जनरटेड!, वाराणसी पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज की FIR

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बाबा लाट भैरव के तिलकोत्सव और विवाहोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर AI से तैयार की गई पुलिस बल की कथित फर्जी तस्वीर वायरल करने के मामले में आदमपुर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि AI की मदद से तैयार तस्वीर को कार्यक्रम के एक वीडियो के साथ जोड़कर वायरल किया गया, जिससे पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

पुलिस के मुताबिक बाबा लाट भैरव का तिलकोत्सव और विवाहोत्सव कार्यक्रम 23 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित हुआ था। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और आर्केस्ट्रा के आयोजन में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी।

इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नृत्य कर रही कलाकारों के पास पुलिस बल की तस्वीर दिखाई गई। पुलिस का कहना है कि यह तस्वीर AI से तैयार की गई थी। वास्तविक वीडियो में कलाकारों के पास इस तरह पुलिस बल मौजूद नहीं दिखाई दे रहा है।

 


 

मामले में आदमपुर चौकी प्रभारी लाट भैरव उप निरीक्षक बलिराम यादव की तहरीर पर एफआईआर संख्या 0175/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 और 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की विवेचना उप निरीक्षक अखिल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के मूल स्रोत का पता लगाने के साथ ही उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान कर रही है, जिनसे कथित तौर पर AI से तैयार तस्वीर या वीडियो को प्रसारित किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।