Movie prime

5 घंटे में करें काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण, पर्यटन विभाग ने लॉन्च किए 3 स्पेशल हेरिटेज वॉक पैकेज

 
varanasi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कम समय में शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने तीन विशेष हेरिटेज वॉक पैकेज शुरू किए हैं। इन पैकेजों के जरिए पर्यटक करीब पांच घंटे में काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रमुख घाटों, प्राचीन मंदिरों, गंगा आरती और बनारसी खान-पान का आनंद ले सकेंगे।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि इन पैकेजों का उद्देश्य उन पर्यटकों को बेहतर अनुभव देना है, जो सीमित समय में काशी भ्रमण करना चाहते हैं। इसके लिए कैंट रेलवे स्टेशन, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गंगा घाटों और काशी विश्वनाथ धाम सहित प्रमुख स्थानों पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

इच्छुक पर्यटक विभाग की वेबसाइट www.darshan-kashi-gov.in या क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

तीन आकर्षक हेरिटेज वॉक पैकेज

1. दिव्य काशी हेरिटेज वॉक (₹2,200 प्रति व्यक्ति)

इस पैकेज में मंगला आरती, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, मां अन्नपूर्णा, विशालाक्षी, पशुपतिनाथ मंदिर, मणिकर्णिका घाट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ रुद्राक्ष माला, प्रसाद, प्रशिक्षित गाइड और जलपान की सुविधा भी मिलेगी।

2. अस्सी काशी हेरिटेज वॉक (₹2,500 प्रति व्यक्ति)

इस पैकेज में अस्सी घाट पर प्रसिद्ध 'सुबह-ए-बनारस' कार्यक्रम, मंगला आरती, नाव या ई-बस से यात्रा, प्रमुख मंदिरों के दर्शन, बनारसी चाय और कचौड़ी का स्वाद तथा गाइड की सुविधा शामिल है।

3. पुरानी काशी हेरिटेज वॉक (शाम) – ₹2,499 प्रति व्यक्ति

शाम के इस विशेष पैकेज में मान मंदिर वेधशाला, प्रमुख मंदिरों का भ्रमण, ललिता घाट की गंगा आरती, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन, बनारसी चाट का स्वाद, प्रसाद और प्रशिक्षित गाइड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

पर्यटन विभाग का मानना है कि इन पैकेजों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कम समय में काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का समृद्ध अनुभव मिलेगा, साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।