Movie prime

वाराणसी में VVIP सुरक्षा होगी और मजबूत, 122 पुलिसकर्मियों ने पूरा किया 5 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण
 

 
 वाराणसी में VVIP सुरक्षा होगी और मजबूत, 122 पुलिसकर्मियों ने पूरा किया 5 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में वीवीआईपी और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और पेशेवर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान कुल 122 पुलिसकर्मियों (उपनिरीक्षक एवं आरक्षी) को आधुनिक सुरक्षा तकनीकों, व्यवहारिक कौशल और आपात परिस्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सतर्कता और उच्चस्तरीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य में केवल पारंपरिक सुरक्षा उपाय पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि तकनीकी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और मानसिक संतुलन भी उतना ही आवश्यक है।

इन विषयों पर मिला विशेष प्रशिक्षण

पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को वीआईपी सुरक्षा के सिद्धांत, पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) की भूमिका, थ्रेट प्रोटेक्शन, एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग (ASL), एक्सेस कंट्रोल, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम, वीआईपी फ्लीट प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, बॉडी लैंग्वेज, आतंकवाद एवं नक्सलवाद से जुड़ी चुनौतियां, प्राथमिक उपचार और वीआईपी जनसभा एवं रोड शो की सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर भी रहा फोकस

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से सभी प्रशिक्षुओं को Cognitively Based Compassion Training (CBCT) के तहत दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता, सहानुभूति, करुणा-आधारित व्यवहार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक सोच बनाए रखने के उपाय सिखाए गए।

विशेष ड्यूटी में होगी तैनाती

प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 122 पुलिसकर्मियों को आगामी वीवीआईपी और वीआईपी कार्यक्रमों, दौरों तथा संवेदनशील आयोजनों में सादे वस्त्रों में सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया जाएगा। वहीं 30 महिला उपनिरीक्षकों को विशेष रूप से ब्लेजर ड्यूटी के लिए चिन्हित किया गया है, जो विभिन्न वीआईपी कार्यक्रमों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगी।

पुलिस आयुक्त का संदेश

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी लगातार पुलिस बल को आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम, संवेदनशील और पेशेवर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग कर वाराणसी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाएं।