Movie prime

सिगरा थाने के सामने कब्रिस्तान की दीवार भरभराकर गिरी, एक घायल

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने के ठीक सामने स्थित एक कब्रिस्तान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल स्थानीय प्रिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर चार टांके लगाए गए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद कब्रिस्तान की जमीन और उसके आसपास संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कब्रिस्तान के बाहर 'लाइव बीएस' (Live VNS Hotel Varuna) नाम से एक होटल और बार संचालित किया जा रहा है। लोगों का दावा है कि प्रतिष्ठान के संचालक कब्रिस्तान के बाहर की जमीन पर भी अपना अधिकार बताते हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

होटल-बार को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत

स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल और बार के बाहर आए दिन अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि देर रात तक यहां लोगों की आवाजाही रहती है और कई बार शराब के नशे में युवक-युवतियों के हंगामे की शिकायत भी सामने आती रही है।

लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान जैसी संवेदनशील जगह के ठीक बाहर इस तरह की गतिविधियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब दीवार गिरने की घटना के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

थाने के सामने घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सिगरा थाने के ठीक सामने होने के बावजूद होटल-बार के संचालन और उससे जुड़ी कथित अव्यवस्थाओं पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

फिलहाल दीवार गिरने के कारणों और होटल-बार के वैध या अवैध होने को लेकर संबंधित विभागों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे में घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।