जाम-पार्किंग की शिकायत मिली तो सड़क पर उतरे ACP, अफसरों को मौके पर दिए निर्देश
Varanasi : दशाश्वमेध सर्कल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने शुक्रवार को नई सड़क से दालमंडी होते हुए हड़हा तक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर क्षेत्र में ट्रैफिक, जाम, बैरिकेडिंग और अव्यवस्थित पार्किंग से जुड़ी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जाम लगने वाले प्रमुख स्थानों को भी चिह्नित किया गया।
व्यापारी नेता जुबैर ने बताया कि क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई है। नई सड़क-दालमंडी मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग, महिलाएं, स्कूली बच्चे और श्रद्धालु गुजरते हैं। वाहनों के दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है।
व्यापारियों के साथ जाम वाले इलाकों का लिया जायजा
पैदल गश्त के दौरान व्यापारियों ने एसीपी को उन स्थानों की जानकारी दी, जहां अक्सर यातायात बाधित होता है। एसीपी ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित इंस्पेक्टर व चौकी इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
व्यापारियों ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार लगने वाले जाम का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। एसीपी ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यवस्था बेहतर करने की बात कही।
व्यापारियों की सुरक्षा और सुगम यातायात पर जोर
एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलें, इसके लिए पुलिस प्रशासन आवश्यक प्रयास करेगा। उन्होंने यातायात और कानून-व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की।
इस दौरान राजा दरवाजा व्यापार मंडल के संदीप गुप्ता, हड़हा सराय व्यापार मंडल के रशीद सिद्दीकी, अब्दुल हमीद समेत कई स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के साथ सीधे क्षेत्र का निरीक्षण और समस्याएं सुने जाने पर व्यापारियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जाम और पार्किंग से जुड़ी समस्याओं पर जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे और भविष्य में भी इस तरह का संवाद जारी रहेगा।
