Movie prime

BHU के डिप्टी रजिस्ट्रार पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, महिला कर्मचारी से संबंध का दावा; लंका थाने में FIR
 

 
 BHU के डिप्टी रजिस्ट्रार पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, महिला कर्मचारी से संबंध का दावा; लंका थाने में FIR
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के डिप्टी रजिस्ट्रार ए. वेलु के खिलाफ उनकी पत्नी एसआर मेनगा ने गंभीर आरोप लगाते हुए लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्नी ने पति पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने सर सुंदरलाल अस्पताल की एक महिला कर्मचारी के साथ पति के कथित प्रेम संबंध होने का भी दावा किया है। मामले में महिला कर्मचारी को भी आरोपी बनाया गया है।

मेनगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हृदय रोगी हैं और अक्सर सीने में दर्द की शिकायत रहती है। उनके दो बच्चे हैं और वह लंका क्षेत्र की लठिया स्थित यशविका कॉलोनी में रहती हैं। आरोप है कि उनके पति वेलु लंबे समय से उनसे दूरी बनाए हुए हैं और विरोध करने पर बातचीत बंद कर देते हैं।

फोन से बातचीत की जानकारी मिलने का दावा

पीड़िता के मुताबिक, उन्हें अपने पति के फोन से पता चला कि वेलु और अस्पताल की महिला कर्मचारी करुणांबिगई के बीच व्हाट्सएप मैसेज, बातचीत और वीडियो कॉल के जरिए लगातार संपर्क था। उन्होंने इसका विरोध किया तो पति कथित तौर पर घर आना बंद कर देते थे। मेनगा ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

तीन महीने पहले भी अधिकारियों से की थी शिकायत

मेनगा ने करीब तीन महीने पहले IMS निदेशक, BHU कुलपति और ट्रॉमा सेंटर के तत्कालीन प्रभारी से भी शिकायत की थी। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि वह इस शहर में नई हैं और उनके दोनों बच्चे अपने पिता का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पति को वापस घर भेजने की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया था कि वह गेस्ट हाउस में महिला कर्मचारी के साथ रह रहे हैं।

इसके बाद मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया था। अब मंगलवार रात मेनगा की शिकायत पर लंका थाने में पति ए. वेलु और महिला कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच उप-निरीक्षक बिन्नी रानी गोंड को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।