चोलापुर CHC में एक्स-रे के बहाने महिला से दुष्कर्म का आरोप, कर्मचारी गिरफ्तार
वाराणसी: पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालगंज निवासी शत्रुधन मिश्रा के रूप में हुई है, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोलापुर में एक्स-रे से जुड़े कामकाज में लगा हुआ था।
पीड़िता ने 6 मार्च को थाना चोलापुर में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि जब वह सीएचसी में एक्स-रे कराने पहुंची, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित आरोप भी शामिल किए गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीएचसी परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
