Movie prime

अविवाहित युवक की संपत्ति हड़पने के लिए बन गई उसकी विधवा, फर्जी दस्तावेज बनवाने के आरोप में महिला गिरफ्तार

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में अविवाहित युवक की संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने खुद को मृतक की पत्नी बताकर आधार कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार कराए थे।

 
 रोहनिया थाना क्षेत्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर अविवाहित युवक की पत्नी बनकर उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रचने का आरोप है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मृतक को बताया पति, तैयार कराए फर्जी दस्तावेज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान भदोही जिले के परसीपुर बरैला निवासी सरिता देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी बेटी और अन्य लोगों के साथ मिलकर मृत व्यक्ति की जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से कई फर्जी दस्तावेज तैयार कराए।

शिकायतकर्ता रामबिलास यादव ने पुलिस को बताया कि उनके भाई बाबूलाल अविवाहित थे और उनकी मृत्यु 25 अक्टूबर 2019 को हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद सरिता देवी ने खुद को बाबूलाल की पत्नी दिखाने की कोशिश शुरू कर दी।

आधार कार्ड और कुटुंब रजिस्टर में कराया नाम दर्ज

मामले की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नगर निगम से कथित तौर पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। साथ ही कुटुंब रजिस्टर में भी नाम दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक, आधार कार्ड में भी सरिता देवी ने बाबूलाल को अपना पति दर्शाया था। जांच के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

कई आरोपी अभी फरार

रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मामले में संजना देवी सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जिन लोगों की तलाश कर रही है उनमें राजातालाब क्षेत्र के टोडरपुर निवासी प्रखर सिंह, विशाल सिंह, शिवम कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह और भदोही निवासी संजना देवी शामिल हैं।
 पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से फर्जीवाड़ा किया और जमीन की सट्टा प्रक्रिया को अंजाम देने की कोशिश की।

मार्च में दर्ज हुई थी शिकायत

इस मामले में 16 मार्च को जक्खिनी निवासी रामबिलास यादव ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।