Movie prime

महिला को 'अंदर बुला रहे हैं' कहकर दिया झांसा, कार से 5 लाख रुपये से भरा बैग उड़ाया
 

 
महिला को 'अंदर बुला रहे हैं' कहकर दिया झांसा, कार से 5 लाख रुपये से भरा बैग उड़ाया
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नरिया इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की बड़ी वारदात सामने आई। जमीन की रजिस्ट्री कराकर लौट रहे लोगों की कार से अज्ञात उचक्के ने महिला को बातों में उलझाकर 5 लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जमीन की रजिस्ट्री कर लौट रहे थे पीड़ित

जानकारी के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के सेक्टर-45 निवासी घनश्याम तिवारी वाराणसी कचहरी में अपने एक परिचित महिला के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराने आए थे। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों कार से सामनेघाट की ओर लौट रहे थे।

रास्ते में नरिया स्थित बनारस स्वीट हाउस के पास घनश्याम तिवारी मिठाई खरीदने के लिए कार से उतर गए, जबकि उनकी रिश्तेदार महिला कार के अंदर ही बैठी रही।

बातों में उलझाकर दिया वारदात को अंजाम

इसी दौरान एक अज्ञात युवक कार के पास पहुंचा और उसने शीशा खटखटाकर महिला से कहा कि उनके रिश्तेदार उन्हें दुकान के अंदर बुला रहे हैं। महिला उसकी बातों पर विश्वास कर कार को बिना लॉक किए दुकान की ओर चली गई।

महिला के कार से उतरते ही बदमाश ने मौके का फायदा उठाया। उसने कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखे दो बैग उठा लिए और मौके से फरार हो गया। बैगों में करीब 5 लाख रुपये नकद रखे थे।

कुछ ही देर बाद जब महिला और घनश्याम तिवारी वापस कार के पास पहुंचे तो बैग गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू

पीड़ित घनश्याम तिवारी की तहरीर पर लंका थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।