Movie prime

मंदिर के पास शराब की दुकान खोलने पर भड़की महिलाएं, सड़क पर उतरकर किया जोरदार विरोध
 

 
 मंदिर के पास शराब की दुकान खोलने पर भड़की महिलाएं, सड़क पर उतरकर किया जोरदार विरोध
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर के आदमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकिमगंज इलाके में मंदिर के निकट शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय महिलाएं सड़क पर उतर आईं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

महिलाओं का आरोप है कि जिस जगह शराब की दुकान खोली गई है, उसी स्थान पर हर वर्ष नवरात्रि के दौरान पूजा पंडाल लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र का धार्मिक माहौल बिगड़ रहा है और आसपास असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी का खतरा पैदा हो गया है। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि मंदिर के पास से शराब की दुकान तुरंत हटाई जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन उनकी मांगों को नजरअंदाज करता है तो वे आंदोलन को और अधिक तेज एवं व्यापक रूप देंगे। महिलाओं ने कहा, “हम अपने बच्चों और समाज की रक्षा के लिए सड़क पर हैं। धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकान बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और महिलाओं को शांत कराने का प्रयास किया। स्थानीय निवासियों ने भी महिलाओं का पूरा समर्थन किया और कहा कि धार्मिक स्थानों के आसपास शराब की दुकानों का संचालन पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

वर्तमान में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखे हुए है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।