Movie prime


सर्किट हाउस में महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई, तीन प्रकरणों में निःशुल्क कानूनी मदद के आदेश

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सर्किट हाउस सभागार में राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं से जुड़े कुल 9 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें पीड़ित महिलाओं ने स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

प्राप्त मामलों में से तीन प्रकरणों में महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनसुनवाई में मौजूद पैरा लीगल वॉलंटियर को संबंधित मामलों से जोड़ा गया। वहीं, मुआवजा से जुड़े एक प्रकरण और महिला के साथ अश्लील हरकत के मामले में उचित कार्रवाई के लिए अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) को निर्देशित किया गया।

....

संपत्ति विवाद से संबंधित मामले में उपजिलाधिकारी पिंडरा को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए। इसके अलावा आजीवन कारावास से जुड़े एक गंभीर प्रकरण, जिसमें पति द्वारा मानसिक प्रताड़ना और बेटी को परेशान किए जाने का मामला शामिल था (जनपद आजमगढ़ से संबंधित), उस पर भी महिला आयोग के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस मामले में पीड़िता के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना या स्पॉन्सरशिप योजना से लाभान्वित करने को कहा गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता के दो बच्चों को पहले से ही बाल सेवा योजना का लाभ मिल रहा है।

साइबर अपराध को लेकर किया गया जागरूक

जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग के साइबर थाने की ओर से उपस्थित महिलाओं को डिजिटल अरेस्ट, टास्क फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन स्कैम, टेलीग्राम टास्क स्कैम, गूगल सर्च स्कैम और व्हाट्सएप हैकिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही, ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत करने और ‘साइबर दोस्त’ पेज को फॉलो करने की अपील की गई।

महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश

महिला आयोग की सदस्य ने कौशल विकास मिशन और उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को इन योजनाओं से लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। जनसुनवाई में उपस्थित दो महिलाओं को यूपी एनआरएलएम के माध्यम से ग्राम स्तर पर संचालित आजीविका कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रता श्रीवास्तव, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राजन सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी वरुणापार जोन, संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह, जिला प्रोबेशन कार्यालय से रशीदा बेगम, चोलापुर सेंटर मैनेजर पूजा सिंह, मनोसामाजिक परामर्शदाता खुशबू सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट रेखा श्रीवास्तव सहित समाज कल्याण, श्रम, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला थाना, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, कौशल विकास मिशन, यूपी एनआरएलएम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि व पैरा लीगल वॉलंटियर उपस्थित रहे।