शिवपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
Varanasi : थाना शिवपुर क्षेत्र के चांदमारी मीरापुर बसही इलाके में सोमवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कुलदीप कुमार (30 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी ग्राम बरवां, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में शिवपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर, मीरापुर बसही में किराये के मकान में अकेले रह रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक ने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी मकान मालिक ध्यान शंकर चौबे द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
