Movie prime

मार्कंडेय महादेव घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, साढ़े तीन घंटे बाद मिला शव; परिवार में मचा कोहराम
 

 
 मार्कंडेय महादेव घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, साढ़े तीन घंटे बाद मिला शव; परिवार में मचा कोहराम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक डूब गया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने युवक का शव गंगा से बरामद किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, चोलापुर निवासी वैभव गुप्ता (18) पुत्र राजेश गुप्ता अपने एक मित्र के साथ मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आया था। दर्शन के बाद दोनों सुबह करीब 10 बजे गंगा स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान वैभव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद मित्र ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के चलते वैभव गंगा में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही कैथी चौकी प्रभारी पवन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे वैभव का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सेना में तैनात हैं युवक के पिता

सूचना मिलते ही वैभव की मां उर्मिला गुप्ता मौके पर पहुंचीं। बेटे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि वैभव के पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। वैभव तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और 11वीं कक्षा का छात्र था।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे गड्ढे में चला गया और डूब गया। एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्कंडेय महादेव घाट पर पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रशिक्षित लाइफगार्ड की तैनाती की मांग की है।