Movie prime

‘युवा संवाद 2026 : MGKVP में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने छात्रों से किया संवाद, बोले- ‘युवा देश की दशा और दिशा बदलने...

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान की ओर से ‘युवा संवाद 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

....

कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। नितिन नवीन ने युवाओं से विकसित भारत @2047 के लक्ष्य, सरकार की योजनाओं, रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप और देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की और विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवा भारत की तस्वीर हैं और देश की दशा और दिशा बदलने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा किसी के दिखाए रास्ते पर चलने के बजाय अपना रास्ता खुद बनाने में विश्वास रखता है। युवाओं को अपने भविष्य की राह खुद तलाशनी होगी और लगातार संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना होगा।

जेन-जी को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं को अल्फा, बीटा और गामा जैसे नामों में बांटने की जरूरत नहीं है। युवा पहले भी ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ते थे और आज भी उसी ऊर्जा के साथ देश को आगे ले जाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवाओं की ताकत का इस्तेमाल देश के विकास में होना चाहिए।

..

उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करते हैं और घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम करते हैं, लेकिन विदेश से आए घुसपैठियों को भारत के युवाओं का हक नहीं दिया जाएगा।

विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर चर्चा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि लंबे समय तक देश में भविष्य को लेकर सामूहिक और दीर्घकालिक सोच के बजाय सीमित अवधि की योजनाओं पर ज्यादा जोर रहा। अब नीति आयोग के माध्यम से लंबी अवधि के विजन पर काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार के साथ आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है।

नितिन नवीन ने काशी के भविष्य को लेकर कहा कि जिस तरह आज नोएडा को आईटी हब के रूप में पहचान मिली है, उसी तरह आने वाले समय में काशी भी आईटी हब के रूप में विकसित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें काशी में ही नए अवसर मिल सकेंगे।

उन्होंने स्टार्टअप को लेकर कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में युवाओं के बीच स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। आज बड़ी संख्या में स्टार्टअप रोजगार देने वाले संस्थानों के रूप में उभर रहे हैं। युवाओं को आर्थिक सहायता और अपने आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न पोर्टल और योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एआई के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय एआई समिट का आयोजन हो चुका है और देश आने वाले समय में दुनिया के बड़े एआई हब के रूप में अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, विरासत और परंपराओं पर गर्व करने के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ता पर्यटन भी प्रदेश में हो रहे बदलाव और विकास का संकेत है।

परीक्षा और रोजगार के मुद्दे पर नितिन नवीन ने कहा कि परीक्षा लीक जैसी घटनाओं के बावजूद सरकार ने जल्द परीक्षा कराकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पहले सीमित संख्या में सीटों के लिए परीक्षाएं होती थीं, जबकि अब अवसरों और सीटों की संख्या बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने छात्रों से संघर्ष का साथ नहीं छोड़ने की अपील करते हुए कहा, “अतीत आपका खजाना है, वर्तमान आपका संघर्ष है और भविष्य आपका सुनहरा सपना है।” साथ ही युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा राजनीति में आगे आएंगे तो देश की बागडोर सही हाथों में जाएगी और विकसित भारत का लक्ष्य और मजबूत होगा।

वहीं भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण के साथ देश के भविष्य की दशा और दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में जिस बदलाव को हम देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत हमें खुद से करनी होगी।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नागरिक देवो भव’ के संकल्प को अपने जीवन में आत्मसात किया है। वर्ष 2014 के बाद देश में आर्थिक विकास के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हुआ है। स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान कुछ भी हो, यदि उसके भीतर सेवा का संकल्प है तो वह समाज और देश की सेवा कर सकता है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि नितिन नवीन और विशिष्ट अतिथि पंकज चौधरी को अपनी पुस्तक ‘पंच प्रण के प्राण संचार’ भेंट की। युवा संवाद में युवा प्रतिनिधियों के तौर पर निशा सिंह, इशिका पाल, गरिमा पाण्डेय और साक्षी राय ने भी मंच साझा किया। कार्यक्रम के बाद दोनों अतिथियों ने गांधी अध्ययन पीठ परिसर में पौधारोपण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्वागत, संचालन और धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने किया, जबकि संयोजन काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशुतोष सिंह ‘आशु’ ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।